संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रतापनगर क्षेत्र के गांव चुहड़पुर में कमरे में सो रहे 26 वर्षीय मजदूर को रात में सांप ने डस लिया। सुबह साथी मजदूरों ने उसे काम पर जाने के लिए जगाया तो वह नहीं उठे। शरीर नीला पड़ चुका था। साथी उन्हें प्रतापनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला मुरादाबाद की तहसील संभल के गांव इटाला निवासी अनूप के रूप में हुई है। वह यमुनानगर में हाईवे निर्माण कार्य में हाइड्रा मशीन चलाते थे। वह अन्य मजदूरों के साथ ठेकेदार की ओर से उपलब्ध कराए गए कमरों में रहते थे। मृतक के साथी संतोष ने बताया कि बुधवार रात सभी मजदूर खाना खाने के बाद अपने कमरों में सो गए थे।
सुबह अनूप को जगाने पहुंचे तो उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उनका शरीर नीला पड़ चुका था। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। संतोष के अनुसार कमरों के आसपास झाड़ियां हैं, जिससे रात में सांप आने की आशंका है। अनूप की मौत की सूचना परिजनों को दे दी गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा गया है।
कलेसर नेशनल पार्क में दीवार पर बैठा दिखा तेंदुआ
प्रतापनगर। कलेसर नेशनल पार्क क्षेत्र में रात के समय एक तेंदुआ पेड़ के पास बनी दीवार पर बैठा दिखाई दिया। वन क्षेत्र से सटे इलाकों में लोगों को रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
कलेसर नेशनल पार्क शिवालिक की तलहटी में में स्थित प्रमुख वन क्षेत्र है। जंगल से सटे ग्रामीण इलाकों में रात के समय वन्यजीवों की आवाजाही रहती है। क्षेत्र में तेंदुए के अलावा सांभर, चीतल, जंगली सूअर, नीलगाय समेत कई वन्यजीव पाए जाते हैं। भोजन और विचरण की तलाश में इनके जंगल से बाहर आने की संभावना रहती है। कलेसर क्षेत्र में पहले भी बाघ की मौजूदगी दर्ज की जा चुकी है। वन्य प्राणी विभाग के इंस्पेक्टर लीलू राम ने ग्रामीणों से रात के समय जंगल व आसपास के रास्तों पर सावधानी बरतने की अपील की है। संवाद
कल्याणपुर अंटारी गांव में मिला आठ फीट लंबा अजगर
साढौरा। कल्याणपुर अंटारी गांव में वीरवार सुबह खेत में पशुओं के लिए चारा काट रही महिला के सामने अचानक करीब आठ फीट लंबा अजगर आ गया। वन्यजीव विभाग के कर्मचारियों ने अजगर को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
ग्रामीण नैत अली ने बताया कि वह वीरवार सुबह अपनी पत्नी के साथ पशुओं के लिए हर चारा लेने खेत में गया थे। उनकी पत्नी चारा काट रही थी, तभी उसकी नजर सामने एक अजगर पर पड़ी। अजगर को देखकर बिना चारा लिए अपनी बुग्गी लेकर घर की ओर लौटने लगे। इसी दौरान इमरान भी पास के खेत में चारा लेने पहुंचा। इमरान ने मौके पर जाकर देखा तो वहां अजगर मौजूद था। उसने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और वन्यजीव विभाग के इंस्पेक्टर लीलूराम को मामले की जानकारी दी। इंस्पेक्टर लीलूराम ने बताया कि रेस्क्यू टीम ने अजगर को काबू में कर जंगल में छोड़ दिया है। संवाद
कल्याणपुर अंटारी में अजगर का रेस्क्यू करते वन्य प्राणी विभाग के कर्मचारी। विभाग