जगाधरी। गलत काम करने का विरोध करने पर युवती की गला रेत कर हत्या करने के आरोपी चाचा से रिमांड के दौरान पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार चाकू बरामद कर लिया है। रिमांड खत्म होने पर शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार जगाधरी की एक कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय युवती की हत्या कर बूड़िया रोड पर चौधरी देवी लाल आयुर्वेदिक कॉलेज के सामने खेत में फेंक दिया गया था। नौ मई की सुबह उसका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला था। युवती के लापता होने पर जब उसकी मां थाने में पहुंची तो उसे उसकी हत्या के बारे में पता चला। तब उसने अपने देवर भगवान दास उर्फ रूपेश पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने बताया कि जब युवती की मां अपने गांव गई तो वह युवती को दवा दिलाने के बहाने अपने साथ लेकर गया। उसने युवती को खेत में ले जाकर उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। लेकिन युवती ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसपर उसने चाकू से उसके गले पर वार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने बुधवार को आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया था। शहर जगाधरी थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। अब उसे अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।