संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रिछपाल की हत्या और मुसिंबल में फायरिंग के मामले में वांछित पांच हजार रुपये के इनामी मुख्य शूटर को सीआईए-टू की टीम ने मंगलवार देर शाम मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान पंजाब के पटियाला जिले के गांव जैन नगर निवासी परमिंद्र सिंह के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की दाईं टांग में गोली लगी। इसके बाद पुलिस उसे ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची।
पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम सीआईए-टू को गुप्त सूचना मिली थी कि परमिंद्र सिंह पाबनी स्थित श्मशान घाट के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी की दाईं टांग में लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। बदमाश की गोली पुलिसकर्मी की बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। बीती 18 सितंबर की रात खारवन चौक स्थित क्रेन सर्विस कार्यालय में तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर गांव मंधार निवासी 50 वर्षीय रिछपाल की हत्या कर दी थी।
इस हमले में उनके भांजे मुसिंबल निवासी कमलजीत की जांघ में भी गोली लगी थी, जबकि उसका दोस्त गुरलीन च गया था। कमलजीत ने पुलिस को बताया था कि वह झारखंड में ट्रांसपोर्ट का काम करता है। वर्ष 2022 में उसका और उसके साथियों का गांव के अरविंद सिंह के साथ विवाद हुआ था। इसी मामले में पेशी के लिए वह कोर्ट में पेश होने के बाद दोस्त गुरलीन के साथ अपने मामा रिचपाल के पास पहुंचा था। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे एक और हेलमेट पहने दूसरा बदमाश वहां पहुंचा और दोनों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से रिचपाल की मौत हो गई। रिछपाल की हत्या के बाद हमलावरों ने मुसिंबल में सरपंच सुखजोत कौर के घर पहुंचकर उनकी कार पर भी गोलियां चलाई थीं।