यात्रियों की कमी में कटरा रूट पर यमुनानगर डिपो की रोडवेज बस 15 दिन में ही बंद कर दी गई है। यह निर्णय रोडवेज अफसरों ने हर दिन रूट पर बस चलाने से हो रहे नुकसान को देख लिया है। उनकी मानें तो कुछ दिनों से कटरा रूट पर डिपो की बस भेजने में रोडवेज काे प्रतिदिन करीब 15 हजार रुपये का नुकसान हुआ, चूंकि रूट पर यमुनानगर सहित पंजाब के कई स्टॉपेज होने के बाद भी नाममात्र यात्री रहे।
बता दें कि यमुनानगर डिपो से हरियाणा रोडवेज की बस कटरा रूट पर वर्ष-2018 में भी चलाई गई थी, पर तब भी कुछ माह में उसे बंद कर दिया गया था। जिसकी वजह बसें व स्टाफ की कमी रही। अब डिपो पर 50 नई बसें आने से कुल 190 होने के साथ स्टाफ बढ़ने पर रोडवेज अफसरों ने गत 16 जुलाई को सुबह 6.15 बजे कटरा रूट पर पांच साल बाद दोबारा बस चलाई। जिससे श्रीमाता वैष्णो दरबार व पंजाब जाने वाले जिले के लोगों को राहत मिले। इस बारे ज्यादा से ज्यादा लोगों पता चले, इसलिए सोशल मीडिया पर भी रूट पर बस चलाने की सूचना वायरल की गई। इसके बाद भी रूट पर रोडवेज अफसरों को उम्मीद मुताबिक यात्री नहीं मिले। बावजूद इसके 15 दिन कटरा रूट पर डिपो की बस चलाई, पर हर दिन रूट पर बस में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या नाममात्र रही। इससे रोडवेज को गत दिनों रूट पर बस चलाने से करीब 15 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है। इसे देख रोडवेज अफसरों ने 31 जुलाई से रूट पर डिपो की बस बंद कर दी है।
रूट के बीच ये रखे थे स्टॉपेज: यमुनानगर से कटरा रूट के बीच जगाधरी, अंबाला कैंट, राजपुरा, सरहिंद, खन्ना, लुधियाना बाईपास, जालंधर, पठानकोट, जम्मू, लखनपुर के स्टॉपेज रखे गए थे।
अब नवरात्रि या त्योहारों में चलने की उम्मीद
ऐसे ही गत चैत्र नवरात्रि में यमुनानगर डिपो से शाकुम्भरी देवी के लिए बस चलाई गई थी, वह भी केवल नवरात्रि तक चली। इसके बाद उसे बंद कर दिया गया था। अब कटरा व शाकुम्भरी देवी के लिए दोबारा यमुनानगर डिपो की हरियाणा बस आगामी शरद नवरात्रि व अन्य पर्व के दौरान चलाए जाने की संभावना है।
-
वर्जन
यमुनानगर डिपो से हरियाणा रोडवेज की कटरा रूट की बस सर्विस बंद कर दी गई है। क्योंकि रूट पर गत कुछ दिनों से यात्री नाममात्र रहे और हर दिन करीब 15 हजार रुपये का नुकसान हो रहा था।
- भीम सिंह, ड्यूटी इंस्पेक्टर, यमुनानगर डिपो (हरियाणा रोडवेज)।