संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। कस्बे की सात वर्षीय काशवी घई ने यूनिफाइड इंटरनेशनल संस्था की ओर से आयोजित ऑनलाइन इंग्लिश ओलंपियाड परीक्षा में हरियाणा जोन में पहला रैंक पाया है। नारायणगढ़ के माइंड ट्री स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ने वाली काशवी घई ने इस परीक्षा में 74.29 अंक पाकर नेशनल लेवल पर ओवरऑल 178 रैंक पाया है।
ओलंपियाड के शब्दावली एवं कार्यात्मक व्याकरण वर्ग में काशवी ने 25 में से 18, रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन वर्ग में 5 में से 3 तथा इंटरएक्टिव इंग्लिश वर्ग में 5 से 5 अंक पाने के साथ यह उपलब्धि हासिल की है। इस उपलब्धि के लिए काशवी घई को यूनिफाइड इंटरनेशनल संस्था की ओर से ओलंपियाड कोचिंग का पैकेज, प्रशस्ति पत्र व गोल्ड पदक प्रदान किया जाएगा।
काशवी घई की इस सफलता पर उसके अभिभावक साहिल घई व प्रिया घई ने इसके लिए उसकी मेहनत के अलावा शिक्षकों के मार्गदर्शन को श्रेय दिया है। प्रिंसिपल पुष्पा शर्मा ने भी काशवी घई को बधाई देते हुए बताया कि वह स्कूल की प्रत्येक गतिविधि में बढ़ चढ़कर भाग लेती रही है। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को भाषा में अपनी दक्षता दिखाने के अलावा अपनी अंग्रेजी भाषा की क्षमताओं का परीक्षण करने का मौका मिलता है।