करनाल/यमुनानगर। पंचकूला, करनाल व यमुनानगर पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात बिना ई-रवाना खनन सामग्री ले जाते 13 गाड़ियों को पकड़ा है। सभी 13 गाड़ियों को खनन विभाग की ओर से सीज कर दिया गया। अवैध खनने करते पकड़ी गई गाड़ियों पर 55 लाख 38 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जिसमें तीन लाख 38 हजार रुपये का माइनिंग चार्ज भी शामिल है ।
जिले के खनन जोन में अवैध रूप से खनन कर सरकार को राजस्व की हानि पहुंचाई जा रही है। इस पर अंकुश लगाने के लिए राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के आदेश पर देर रात को एसपी पंचकूला ने डीएसपी करनाल, एसएचओ करनाल व एसएचओ शहर यमुनानगर के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन किया। इसके बाद टीमों ने कार्रवाई करते हुए जगाधरी पावंटा साहिब नेशनल हाईवे, नेशनल हाईवे 344, सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे समेत कई स्थानों पर दबिश दी और सड़क पर चलने वाली गाड़ियों के कागजों की जांच की और बिना ई-रवाना के 13 गाड़ियों को पकड़ा गया। संवाद