संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। गांव हरिपुर (मंथाना) में महादेव क्रिकेट एसोसिएशन खैरी की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में गांव सढूरा (रादौर) व रामशरण माजरा (बाबैन) की टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में गांव सढूरा की टीम ने अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर प्रतियोगिता की ट्रॉफी पर कब्जा किया।
विजेता रही सढूरा की टीम को मुख्य अतिथि धूूमन सिंह किरमच ने 21 हजार रुपये व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उपविजेता रही रामशरण माजरा की टीम को 11 हजार रुपये की राशि भेंट कर सम्मानित किया गया। सढूरा टीम के कप्तान विशाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। रामशरण माजरा की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में ताबड़तोड़ 191 रन बनाए।
जवाब में सढूरा की टीम ने अंतिम ओवर की आखिरी गेंद पर पांच रन बनाने के लक्ष्य को खिलाड़ी कर्णदीप बूटर ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी। सढूरा की ओर से कप्तान विशाल ने 20 गेंदों पर 21 रन, वैभव कुमार ने 30 गेंदों पर 78 रन, जनक धीमान ने 20 गेंदों पर 41 रन बनाकर टीम की जीत पक्की की। प्रतियोगिता में जनक धीमान को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज व प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।