जठलाना। गांव बकाना के एक 25 वर्षीय युवक राहुल अरोड़ा ने अज्ञात कारणों से आवर्धन नहर के राझेड़ी पुल के पास से छलांग लगा दी। परिजन गोताखोरों की मदद से उसे ढूंढने में लगे हुए हैं। मामले की सूचना मिलने पर जठलाना पुलिस मौके पर पहुंची।
गांव बकाना निवासी राहुल अरोड़ा बुधवार की दोपहर को लगभग दो बजे आवर्धन नहर पर राझेड़ी पुल के पास बाइक पर सवार होकर आया। बाइक को नहर की पटरी पर खड़ा करके राहुल मोबाइल फोन पर काफी देर तक किसी से बात करता रहा। इसके बाद राहुल ने आवर्धन नहर में छलांग लगा दी। आवर्धन नहर की पटरी के पास खेतों में काम कर रहे गांव राझेड़ी के कुछ ग्रामीणों ने राहुल को नहर में छलांग लगाते हुए देखा।
ग्रामीण जब तक आवर्धन नहर की पटरी पर पहुंचे, तब तक राहुल नजर नहीं आ रहा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर छानबीन की। इस दौरान पता चला कि यह बाइक बकाना के राहुल की है। पुलिस ने राहुल के परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर आए और उन्होंने नहर में दूर तक राहुल को तलाशा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। वीरवार को प्रशासन की ओर से कानूनगो विरेंद्र कांबोज बकाना व पटवारी रणधीर कांबोज दामला मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से नगर निगम यमुनानगर के गोताखोर अमर सिंह अलाहर, रामकेश, विरेंद्र व सुरेंद्र को राहुल की खोज करने का जिम्मा सौंपा गया।
चारों गोताखोर वीरवार को प्रशासन की नाव के साथ आवर्धन नहर में ठसका पावर प्लांट तक युवक को खोजने में लगे रहे। वहीं नहर में लापता हुए राहुल अरोड़ा के परिजन व गांव बकाना के लोग भी राहुल को ढूंढने में लगे हुए हैं। राहुल अरोड़ा के बडे भाई अंकित अरोड़ा ने बताया कि राहुल अरोड़ा अविवाहित है। उन्हें यह समझ नहीं आ रहा है कि भाई राहुल ने नहर में छलांग किन कारणों से लगाई। प्रभावित परिवार की ओर से जठलाना पुलिस को राहुल के मोबाइल नंबर दिए गए हैं। पुलिस राहुल के मोबाइल नंबर से कॉल डिटेल लेकर मामले की जांच में जुटी है।