यमुनानगर। सामाजिक सद्भाव व एकता की रक्षा के लिए वामपंथी पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शहर में रोष मार्च निकाला। कार्यकर्ता जगाधरी वर्कशॉप रोड स्थित चिल्ड्रन पार्क से नगर निगम कार्यालय तक रोष प्रदर्शन किया। इसके बाद नगर निगम के जोनल टैक्सेशन ऑफिसर एनएल बंसल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा।
भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी, भारत की कम्यूनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), सीपीआई और एसयूसीआई (कम्यूनिस्ट) के सैकड़ों कार्यकर्ता गुरुवार दोपहर बाद करीब दो बजे जगाधरी वर्कशॉप रोड स्थित चिल्ड्रन पार्क में एकत्रित हुए। यहां उन्होंने पिछले दिनों जाट आंदोलन के दौरान हुए उपद्रव से समाज में फैली नफरत को दूर करने और भाईचारा कायम करने बारे अपने अपने विचार रखे। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि सरकार यदि शुरूआत में इससे सख्ती से निपटती तो शायद उपद्रव न होता। सभी वामपंथी नेताओं ने अपील की कि भड़कावेबाजी व विभाजनकारी ताकतों से खबरदार रहें। सामाजिक एकता और सद्भाव कायम करें। 35 और 36 बिरादरी की फूट परस्त राजनीति को नाकाम करें। कुछ लोगों के गलत कामों की वजह से जाति विशेष को दोषी न ठहराएं।