गांव तेलीपुरा निवासी सुनील कुमार ने मटका चौक जगाधरी के नजदीक दुकान करने वाले सुनार पर सोने के गहने हड़पने का आरोप लगाया है। सुनील ने आरोप लगाया कि उसने आरोपी सुनार को सोने के गहने बढ़ाने के लिए दिए थे। मगर एक साल बीतने के बाद भी आरोपी ने उसके जेवर वापस नहीं किए। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी सुनार के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कर्रवाई शुरू कर दी।
तेलीपुरा निवासी सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मटका चौक जगाधरी निवासी सुनार शिव कुमार से जान पहचान थी। उसने शिव कुमार को अपने घर से सोने के एक जोड़ी कड़े, एक मंगलसूत्र, मांग टिक्का व अन्य गहने बढ़ाने के लिए दिए थे। इसके साथ ही उसने आरोपी को 20 हजार रुपये भी दिए थे। आरोपी ने बाकि पैसे उसे जेवर लेने के समय लेकर आने के लिए कहा था। जब वह आरोपी के बताए समय अनुसार उसकी दुकान पर अपने जेवर लेने के लिए पहुंचा तो आरोपी ने उसे कुछ दिन बाद जेवर देने की बात कही। कुछ दिन बाद वह फिर से आरोपी की दुकान पर गया, लेकिन तब भी आरोपी ने उसे थोड़े दिन रुकने को कहा। आरोप है कि आरोपी ने करीब एक साल बीतने के बाद भी उसके जेवर नहीं दिए। जब उसने आरोपी से सख्ती से जेवर मांगे तो आरोपी ने जेवर देने से मना कर दिया और दोबारा मांगने पर उसे धमकी दी। उसने बताया कि उसके जेवर की कीमत करीब दो लाख रुपये है। उसने आरोपी सुनार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।सब इंस्पेक्टर रमन चंदेल का कहना है कि आरोपी सुनार के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।