बिलासपुर के दो अलग-अलग स्थानों से चोरों ने लाखों रुपये जेवर सहित नकदी पर हाथ साफ कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना स्थल का दौरा किया। सीन ऑफ क्राइम की टीम ने घटना स्थल से नमूने एकत्रित किए। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कस्बे की सरस्वती कॉलोनी निवासी हरबंस सिंह ने बताया कि वह गांव भोगपुर के सरकारी विद्यालय में अध्यापक है और पत्नी कुसुम लता निजी स्कूल में अध्यापक है। गुरुवार सुबह वह दोनों काम पर चले गए थे वहीं उनके दोनों बच्चे भी स्कूल चले गए थे। इस दौरान वह कमरों सहित मेन गेट का ताला लगाकर गए थे।
दोपहर में जब उसकी पत्नी घर लौटी तो मेन गेट का ताला ठीक था। जब वह कमरे में पहुंची तो देखा अंदर सामान अस्तव्यस्त बिखरा पड़ा है। घर से लगभग 16 तोले सोने के जेवर आधा किलो चांदी के जेवर व लगभग 35 हजार की नकदी गायब थी। पीड़ित के अनुसार चोर पिछली दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए थे।
उनका करीब 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं कपाल मोचन मार्ग स्थित छोटा बस स्टैंड के पास वाही ट्रेडर्स नाम की दुकान से बीती रात चोराें ने हजारों का सामान ले गए। चोर दुकान की पिछली दीवार फांदकर दुकान में दाखिल हुए। दुकान के मालिक गौरव ने बताया कि वह रोज की तरह रात को दुकान बंद करके चले गए थे। जब सुबह आए तो उसने देखा की दुकान का सारा सामान बिखरा हुआ है।
दुकान से 14 बैंड के कवर, 4 प्रेस अलमारी में रखा फिटिंग का सामान को ले गए। पीड़ित ने बताया कि लगभग 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।