संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जय सिटी स्थित श्री खेड़ा एवं शिव मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाया गया। शाम होते ही मंदिर परिसर हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से गूंज उठा। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया।
कार्यक्रम में वृंदावन धाम से पहुंची कथावाचक श्री कृष्णा प्रिय दासी ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन-मिश्री लीला, कालिया नाग दमन और गोवर्धन पर्वत लीला के प्रसंग सुनाए। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। मंदिर समिति की ओर से बच्चों के लिए झांकी प्रतियोगिता कराई गई।
नन्हे बच्चे श्रीकृष्ण, राधा रानी, सुदामा और ग्वाल-बाल के स्वरूप में सजे नजर आए। उनकी प्रस्तुतियों का श्रद्धालुओं ने तालियों से उत्साहवर्धन किया। जय सिटी निवासी अनु गर्ग और पूजा भाटिया ने भोले बाबा का विशेष शृंगार किया। रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर शंख और घंटियों की ध्वनि से मंदिर परिसर गूंज उठा।
पुजारियों ने बाल स्वरूप का पंचामृत से अभिषेक किया। इसके बाद भगवान की महाआरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर समिति प्रधान विनोद गुप्ता ने कहा कि श्री खेड़ा एवं शिव मंदिर आस्था और सेवा का केंद्र है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने बताया कि 14 सितंबर से मंदिर में 10 दिवसीय श्री गणेश उत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन में जय सिटी संगठन प्रधान मांगेराम एडवोकेट, अध्यक्ष रवीश गुर्जर, बलकार सिंह सैनी, संजय भारद्वाज, चंद्र धीमान, राजीव गोयल, वरिंद्र गर्ग और नरेंद्र अग्रवाल सहित अन्य ने सहयोग किया।