संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। गन्ना क्रशर के गुड़ की बिक्री का विरोध करने पर केन क्रशर एसोसिएशन खफा है। नाराज एसोसिएशन ने क्रशर बंद करने की चेतावनी दी है।
केन क्रशर एसोसिएशन की बैठक शुक्रवार को शिव चौक पर हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान मोंटू वर्मा ने की। बैठक में जिला प्रधान रमेश कुमार पहुंचे। यहां रमेश कुमार ने कहा कि खंड के दर्जनों गन्ना क्रशर सरकार की नियमावाली के अनुसार कार्य कर रहे हैं। गन्ने के रस से गुड़ बनाने का कार्य करते हैं। सीजन में तैयार गुड़ कोल्ड स्टोर में रखकर पूरे वर्ष बेचा जाता है। अगस्त और सितंबर में गुड़ बेचने पर रोक लगाई जा रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मान सिंह ने कहा कि गन्ना क्रशर संचालक अक्तूबर से अप्रैल तक किसानों के गन्ना खरीदते हैं, केन क्रशरों में हजारों मजदूर काम करते हैं। जिससे उनके परिवार का पालन पोषण होता है, लेकिन कुछ किसान संगठनों की ओर से उनके कार्य में अड़चनें पैदा करना सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में किसान संगठनों की ओर से इस तरह का गतिरोध जारी रहा, तो मजबूरन वह आगामी सीजन में क्रशर बंद कर देंगे, जिससे क्रशर में काम करने वाले हजारों मजदूर बेरोजगार हो जाएंग, जिसकी जिम्मेवारी जिला प्रशासन व सरकार की होगी। केन क्रशर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान करने की मांग की है। इस दौरान नरेश कुमार, गुरमेल सिंह, गोरा सिंह, करनैल सिंह, वेद प्रकाश, प्रवीन, गनन, सुरेश, सतीश, बिट्टू, संजय, रमेश, रमेश शर्मा सहित अन्य क्रशर संचालक मौजूद रहे।