जिला शिक्षा सदन में वीडियो कॉन्फ्रेंस अटेंड करते अधिकारी।
- फोटो : AMAR UJALA
यमुनानगर
जिला शिक्षा सदन में वीडियो कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी जोगिंदर सिंह हुड्डा ने की। वही वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्री सुशासन परियोजना निदेशक राकेश गुप्ता द्वारा सक्षम घोषणा 2.0 दूसरे राउंड का रिजल्ट घोषित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि फरवरी 2020 में हरियाणा राज्य के 119 खंडों में यह परीक्षा आयोजित की गई थी। जिनमें से 22 खंड सभी 6 ग्रेड में सक्षम घोषित किए गए हैं। इन 22 खंडो में से जिला यमुनानगर के जगाधरी व सरस्वती नगर दो खंडों को सभी 6 ग्रेड में सक्षम घोषित किया गया है। इसके अतिरिक्त खंड बिलासपुर को 5 ग्रेड में, साढौरा को 4 ग्रेड में तथा खंड छछरौली एवं रादौर को 3 ग्रेड में सक्षम घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह जिला यमुनानगर के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि सक्षम घोषणा के 2.0 प्रथम राउंड में कोई भी खंड सक्षम नहीं था। उन्होंने बताया कि दूसरे राउंड में कक्षा तीसरी से आठवीं तक की सभी कक्षाएं शामिल थी तथा इन कक्षाओं के हिंदी, गणित, विज्ञान, समाजिक और ईवीएस विषय शामिल थे। किसी भी खंड को सक्षम होने के लिए परीक्षा में भाग लेने वाले कुल बच्चों का 80 प्रतिशत तथा इनका सभी विषयों में स्कोर 50 प्रतिशत या उससे अधिक होना चाहिए। उन्होंने बताया कि खंड जगाधरी तथा सरस्वती नगर कक्षा 3 से कक्षा 8 तक सभी में सक्षम रहा है। खंड बिलासपुर कक्षा तीसरी, चौथी, पांचवी, छठी, आठवीं में सक्षम और सातवीं कक्षा में सक्षम के नजदीक रहा हैं। खंड साढौरा कक्षा तीसरी, चौथी, छठी, सातवीं में सक्षम रहा है, खंड छछरौली और रादौर कक्षा तीसरी, चौथी, पांचवी में सक्षम रहे हैं। उन्होंने कहा कि सक्षम परीक्षा की सफलता के लिए जिला स्तरीय टीम बधाई की पात्र हैं। उन्होंने बताया कि जिला में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए जिला उपायुक्त मुकुल कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त प्रतिमा चौधरी, उप मंडल अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजपाल, उप जिला शिक्षा अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, प्रधानाचार्य डाइट तेजली, जिला परियोजना अधिकारी, एपीसी, बीआरपी, एबीआरसी, सीआरसी इंचार्ज, सभी प्रधानाचार्य, सभी मुख्य अध्यापक और अध्यापकों के सहयोग सराहनीय है। जिला उपायुक्त मुकुल कुमार ने भी पूरी टीम को बधाई दी और सभी अधिकारियों को आगे बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जिला उपायुक्त ने सभी को लॉक डाउन की स्थिति के चलते सरकार द्वारा चलाए जा रहे ई लर्निंग एवं घर से पढ़ाओ अभियान को ज्यादा से ज्यादा प्रयोग करने और इसे सफल बनाने का आह्वान किया।