पांच दिन पहले कमालपुर सरपंच प्रदीप के भाई दिलीप व बेटे पर फायर कर हत्या का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अभी तीन आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। बता दे कि 23 अप्रैल को कमालपुर सरपंच प्रदीप के भाई दिलीप व उसके भतीजा खेत से लेबर के लिए अकालगढ़ का माजरा में गए थे। जब वे वहां से लौट रहे थे तो कार सवार चार पांच लोगों ने उनके साथ झगड़ा किया। इस दौरान दो आरोपियों ने फायरिंग की। गोली चाचा भतीजा की टांगों में लगी थी। जिससे वह घायल हो गये थे। पुलिस ने तब तिगरा निवासी शुभम व टोडरपुर निवासी पंकज को नामजद करते हुए तीन अन्य पर हत्या के प्रयास, लॉकडाउन की उल्लंघना करने समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया था। मंगलवार को सदर पुलिस ने आरोपी शुभम व पंकज को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों आरोपियों को रिमांड पर लिया गया। सदर थाना एसएचओ सुखबीर सिंह ने बताया कि वारदात को अंजाम देने में कुल पांच आरोपी थे। दो काबू आ गए हैं, तीन को पकडने के लिए दबिश जारी है। रिमांड के दौरान इन दोनों आरोपियों से हथियार बरामद करने है। वीरवार को इन्हें फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा।