यमुनानगर। मानकपुर औद्योगिक क्षेत्र में पांच फरवरी को एक फैक्ट्री में कृषि यूरिया की तस्करी के मामले में नामजद कृषि विभाग के गुण नियंत्रण निरीक्षक बलबीर सिंह, दुसानी निवासी धर्मेंद्र और यू-ट्यूबर की अग्रिम जमानत याचिका कोर्ट से मंजूर होने के बाद पुलिस ने तीनों को जांच में शामिल किया। आरोपियों पर कृषि यूरिया की तस्करी, फर्जी रिपोर्ट बनाने, मामले को दबाने के लिए रुपये लेने का आरोप है। तीनों आरोपियों से पुलिस ने पूछताछ की और जमानत पर रिहा कर दिया। अब इस मामले में पुलिस वीरवार को अपनी रिपोर्ट अदालत में पेश करेगी।
मानकपुर औद्योगिक क्षेत्र में पकड़े अवैध यूरिया के मामले में नामजद कृषि विभाग के गुण नियंत्रण निरीक्षक डॉ. बलबीर सिंह पर आरोप है कि उन्होंने खाद डीलर सुमित के साथ मिलकर फर्जी बिलों के आधार पर फर्जी रिपोर्ट बनाकर पुलिस को दी थी। जिसमें अवैध यूरिया को वैध करार दिया गया। आरोप है कि इसके लिए उसने डेढ़ लाख रुपये लिए। वहीं दुसानी निवासी धर्मेंद्र का नाम उस ट्रैक्टर चालक ने पुलिस को दिए बयानों में लिया था जोकि पुलिस थाने में खड़ा ट्रैक्टर-ट्रॉली लेने पहुंचा था। आरोप है कि वह यूरिया खाद की तस्करी में लगा है। वह डीलर सुमित के साथ मिलकर काम करता है। वहीं यू-ट्यूबर पर आरोप है कि मानकपुर में फैक्टरी के बाहर अवैध यूरिया से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ने के मामले को दबाने के लिए उसने मौके पर पहुंचकर 50 हजार रुपये लिए थे। तीनों आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए सप्ताहभर पहले अदालत में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी। जिसे अदालत ने मंजूर कर दिया था। अब इन्हें जांच में शामिल कर पुलिस ने पूछताछ की है। उल्लेखनीय है पांच फरवरी को मानकपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्टरी के बाहर कृषि यूरिया से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा था।