यमुनानगर। जिला सचिवालय में डीसी प्रीति ने शहर की विभिन्न कॉलोनियों में पानी की समुचित निकासी को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने नगर निगम, सिंचाई विभाग और पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालियों के पानी को सीवरेज सिस्टम से जोड़ा जाए, ताकि पानी खुले में न बहे और आने वाले मानसून से पहले समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।
डीसी ने सीवरेज लाइनों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि उनमें ब्लॉकेज की समस्या न हो। उन्होंने पुराना हमीदा, आजाद नगर और शांति कॉलोनी में पानी की निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुधारने के लिए कहा, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने निर्देश दिए कि उद्योगों और कॉलोनियों का पानी आईपीएस के माध्यम से एसटीपी तक पहुंचाया जाए। स्ट्रांग वॉटर लाइन की सफाई पब्लिक हेल्थ विभाग द्वारा करवाई जाएगी, जबकि इसका भुगतान नगर निगम करेगा। साथ ही पुराना हमीदा और आजाद नगर क्षेत्र को टेप करने के निर्देश भी दिए गए।
डीसी ने स्पष्ट किया कि बरसात से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं। बैठक में पब्लिक हेल्थ विभाग के अधीक्षक अभियंता अरविंद रोहिल्ला, कार्यकारी अभियंता सौरभ अहलावत व दिनेश गाबा, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता नरेंद्र सुहाग, सिंचाई विभाग के अधिकारी और डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद