यमुनानगर। मानसून को ध्यान में रखते हुए डीसी पार्थ गुप्ता ने मंगलवार को 15 जून तक जिले की सभी ड्रेनों की सफाई का कार्य पूरा करने को कहा ताकि किसी भी क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्रेनों की सफाई के कार्य में लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वह सफाई कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे। यदि किसी प्रकार की खामियां पाई गई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाढ़ नियंत्रण कार्यों की समीक्षा को लेकर सभी डीसी पार्थ गुप्ता से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीसी के उपरांत डीसी पार्थ गुप्ता ने सिंचाई विभाग व नगर निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्देश दिए कि ड्रेनों की सफाई से संबंधित सभी कार्यों की तत्परता से जांच की जाए। इस कार्य की निगरानी हेतु संबंधित एसडीएम की भी ड्यूटी लगाई गई। डीसी ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि जिले में मौजूद सभी ड्रेनों की विस्तृत सूची डीसी कार्यालय में उपलब्ध करवाई जाए, जिसमें ड्रेन की कुल लंबाई, जल प्रवाह (आउट फ्लो), प्रारंभिक एवं अंतिम बिंदु आदि की स्टीक जानकारी सम्मिलित हो। इसके अतिरिक्त, बैठक में यमुना नदी पर बनी ठोकरों की मरम्मत कार्य की प्रगति की जानकारी भी ली गई। उन्होंने अधीक्षक अभियंता को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों को शुरू करने से पहले व कार्य पूर्ण होने के बाद उनकी फोटो अवश्य करवाएं। लोक निर्माण विभाग द्वारा मरम्मत की जा रही जिला की सभी सड़कों को 14 जोन में जांच के लिए बांटा गया। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारी जांच कर सड़कों की स्थिति का फोटो हर पथ एप्प पर अपलोड करेंगे। संवाद