संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय में कंप्यूटर विभाग की ओर से मोशन ग्राफिक्स और विजुअल इफेक्ट्स पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता रिद्धि सिद्धि प्रोडक्शन कंपनी की गुरुदत्त विद्यार्थियों को बताया कि मोशन ग्राफिक्स का मतलब गति में ग्राफिक्स होता है।
उन्होंने बताया कि मोशन ग्राफिक्स डिजाइन का एक विशेष क्षेत्र है, जिसमें वेब, टेलीविजन या फिल्मों के लिए कलाकृतियां बनाना शामिल है। मोशन ग्राफिक्स डिजाइनर एनीमेशन, ऑडियो और विजुअल इफेक्ट के साथ काम करके टेलीविजन, इंटरनेट और फिल्म, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए मूविंग कंटेंट और ग्राफिक्स बनाता है।
विजुअल इफेक्ट्स कंप्यूटर द्वारा तैयार की इमेजनरी होती है। जिसे स्क्रीन पर वास्तविकता को बढ़ाने के उद्देश्य से लाइव एक्शन फुटेज के साथ मिलाया जाता है। कार्यक्रम कंप्यूटर विभाग अध्यक्ष प्रोफेसर रणदीप की देखरेख में करवाया गया। प्राचार्य डॉ. करुणा और कंप्यूटर विभागाध्यक्ष प्रो. रणदीप ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
डॉ. करुणा ने कहा कि प्रौद्योगिकी लगातार विकसित होती रहती है। ऐसे में विद्यार्थियों को कंप्यूटर की नई तकनीक के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक व सचेत रहना चाहिए। विद्यार्थियों को अपने तकनीकी कौशल को बढ़ाना चाहिए। वर्तमान डिजिटल युग में मोशन ग्राफिक्स एक प्रकार का एनीमेशन है, जो स्थिर डिजाइन को चलती तस्वीरों में बदलता है।
प्रो. रणदीप ने कहा कि मोशन ग्राफिक्स और विजुअल इफेक्ट्स में कंप्यूटर और तकनीक का इस्तेमाल कर ऐसी तस्वीरें और फुटेज तैयार की जाती हैं, जो पर्दे पर बिल्कुल वास्तविक प्रतीत होते हैं। चूंकि यह अपेक्षाकृत नया क्षेत्र है, इसलिए विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीक और डिजाइन अवधारणाओं के साथ बने रहना होगा। इस क्षेत्र में सुनहरे भविष्य की अपार संभावनाएं हैं।