यमुनानगर। गन्ने के दाम में बढ़ोतरी की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के रादौर स्थित आवास पर 21 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का फैसला लिया है। धरना दिन-रात जारी रहेगा। इसके लिए किसानों की ड्यूटियां ब्लॉक स्तर पर लगाई जाएंगी।
यह निर्णय वीरवार को जगाधरी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में भाकियू की बैठक में लिया गया। बैठक में 11 सदस्यीय कमेटी ने भी हिस्सा लिया। जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से प्रदेशभर में चीनी मिलों पर गन्ने के भाव में बढ़ोतरी की मांग को लेकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
प्रदर्शनों का नेतृत्व रतनमान, सुरेश कौथ सहित अन्य किसान नेता कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब तक सरकार गन्ने का भाव नहीं बढ़ाती, तब तक कृषि मंत्री के आवास पर धरना जारी रहेगा। 21 नवंबर को सुबह 10 बजे किसान रादौर स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय में एकत्रित होंगे। इसके बाद नारेबाजी करते हुए कृषि मंत्री के आवास पर पहुंचकर टेंट लगाया जाएगा।
उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। वहीं, दो दिसंबर को प्रदेशभर के किसान कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। इस दौरान संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से आगामी आंदोलन को लेकर कड़ा फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गन्ने के भाव में केवल 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी किसानों के साथ मजाक है। पिछले 12 वर्षों में गन्ने के भाव में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई है। किसानों को फसलों का उचित मूल्य मिलना चाहिए।