जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी के बाहर लगी लोगों की भीड़। संवाद
- फोटो : Archive
यमुनानगर। मौसम में आए बदलाव का असर लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। सुबह और शाम ठंडक, वातावरण में नमी और दिन में तेज धूप के कारण मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ने लगे हैं। सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार, गले में खराश और सांस संबंधी परेशानियों से पीड़ित लोग उपचार के लिए अस्पतालों का रुख कर रहे हैं।
नागरिक अस्पताल में मरीजों की दैनिक ओपीडी बढ़कर करीब 1500 तक पहुंच गई है। वहीं, निजी अस्पतालों और चिकित्सकों के क्लीनिकों में भी मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। बच्चों और बुजुर्गों में इन बीमारियों की शिकायत अधिक सामने आ रही है।
चिकित्सकों के अनुसार दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से शरीर को बदलते मौसम के अनुरूप ढालने में समय लगता है। सुबह-शाम ठंड और दिन में धूप निकलने के कारण लोग पहनावे और दिनचर्या में जरूरी सावधानी नहीं बरतते।
कई लोग सुबह हल्के कपड़ों में घर से निकलते हैं और दोपहर में गर्मी महसूस होने पर अतिरिक्त कपड़े उतार देते हैं। तापमान में इस तरह के बदलाव के बीच लापरवाही से खांसी, जुकाम और गले में खराश जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं।
हालांकि, इन लक्षणों के पीछे वायरल संक्रमण और अन्य श्वसन संक्रमण भी कारण हो सकते हैं। मौसमी बीमारियों का असर केवल श्वसन तंत्र तक सीमित नहीं है। कई लोगों को पेट खराब होने, दस्त और आंखों में जलन जैसी शिकायतें भी हो रही हैं।
बच्चों में बुखार, नाक बहने और खांसी की समस्या देखी जा रही है, जबकि बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों को अधिक परेशानी हो सकती है। चिकित्सकों का कहना है कि बदलते मौसम में बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। संवाद