किसान के खेत से मिट्टी के नमूने लेते विभागीय अधिकारी।
- फोटो : Yamuna Nagar
जठलाना। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही हर खेत स्वस्थ खेत मुहिम के तहत शनिवार को जठलाना में कृषि विकास अधिकारियों द्वारा किसानों के खेतों में पहुंच मिट्टी के नमूने लिए गए। इस दौरान उन्होंने किसान सहायक द्वारा खेत से मिट्टी के नमूने लेने के कार्य का निरीक्षण भी किया।
कृषि विकास अधिकारी डॉ. संजीव कुमार व डॉ. संतोष कुमार ने किसानों को अपने खेतों की मिट्टी की जांच कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इससे किसान अनावश्यक खर्च से बच सकते हैं और कम खर्च पर अधिक पैदावार प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि खेत से ली जा रही मिट्टी की जांच मिट्टी परीक्षण लैब यमुनानगर द्वारा की जा रही है।
जांच के बाद मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड बनकर आएगा जो किसान को दिया जाएगा। कार्ड पर हर फसल के लिए संतुलित खाद की मात्रा का विवरण दर्ज होगा। मिट्टी के नमूने लेने के लिए किसान को प्रति एकड़ 10 रुपये की रसीद कृषि विभाग द्वारा कटवानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि मिट्टी जांच करवाने से किसानों को अपनी जमीन में उपस्थित 17 पोषक तत्व के बारे में संपूर्ण जानकारी मिलेगी और साथ ही साथ जमीन की पीएच, जैविक कार्बन, यूरिया, डीएपी, पोटाश, जिंक सल्फर, आयरन व मैंगनीज इत्यादि पोषक तत्व की कमी का पता चलता है। जिससे किसान उन पोषक तत्वों को खेत मे डाल कर फसल की पैदावार बढ़ा सकते है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वह अपने खेतों की मिट्टी की जांच जरूर कराएं व मिट्टी के नमूने ले रहे किसान सहायकों का सहयोग करें।