संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों के साथ रविवार रात दो बजे पुलिस की मुठभेड़ हो गई। महलांवाली व शाहपुर रोड के नजदीक हुई मुठभेड़ में दोनों तरफ से कुल छह फायर हुए। इस दौरान टांगों पर गोली लगने के दो बदमाश घायल हो गए। वहीं तीसरा बदमाश अंधेरा का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
दोनों घायल बदमाशों को यमुनानगर ट्रॉमा सेंटर भर्ती में कराया गया है। आरोपियों की पहचान मारवा खुर्द निवासी रजत उर्फ रिंकू व यतिन के तौर पर हुई है। बाद में डॉक्टरों की सलाह के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। बरहाल पुलिस ने एएसआई अरुण कुमार की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों पर पांच अन्य मामले भी दर्ज हैं। विवार देर शाम को तीनों बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए जगाधरी गोरी शंकर मंदिर के समीप बनी ब्रांड असेसरी की मोबाइल दुकान पर पहुंचे थे। दो नकाबपोश बदमाश दुकान के अंदर चले गए, तीसरा बाइक पर बाहर ही इंतजार कर रहा था। अंदर आते ही दोनों बदमाशों ने दुकानदार के सामने पिस्टल तान दी और नकदी देने की बात कही। दुकानदार के मना करने के बाद एक बदमाश दराज को खंगालने लगा, तभी उसकी नजर वहां रखे बैग पर गई, जिसमें करीब 12 से 13 लाख रुपये के मोबाइल थे। उसने बैग को उठा लिया और बाहर आकर अपने साथी के साथ भागने लगे। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंची। दुकानदार के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज को देखकर आरोपियों की तलाश में जुट गई।
इसी बीच सीआइए टू को सूचना मिल कि महलांवाली व शाहपुर रोड के नजदीक तीनों बदमाश मौजूद हैं, ये तीनों बाइक से भागे थे उसकी भी जानकारी पुलिस तक पहुंच गई। तभी पुलिस ने समय को न गंवाते हुए बदमाशों को काबू करने के लिए रवाना हो गई। पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और नाका लगा दिया।
इसी दौरान महलांवाली से शाहपुर रोड पर की तरफ से एक बाइक आती हुई दिखाई दी। जब उसे रोकने का इशारा किया तो बाइक सवार ने रोकने की बजाय उसे गलत दिशा में मोड दी। पुलिस को शक होते ही बाइक सवारों के पीछे अपनी सरकारी गाड़ी को लगा दिया। हालांकि गाड़ी के चालक ने रफ्तार धीमी कर बाइक सवारों को रोकने की कोशिश। उन्होंने रुकने की बजाय अपनी बाइक को गाड़ी में ही टक्कर मार दी। इससे उनकी बाइक जमीन पर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने असलहा निकालकर पुलिस पर एक फायर किया। ऐसे में गोली पुलिस की गाड़ी के शीशे को तोड़ कर आरपार हो गई और गाड़ी में बैठे पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद बदमाशों ने बचाव के लिए एक और फायर किया, जिसमें भी कर्मी बच गए।
जब बदमाश एक के बाद एक फायर करने लगे तो इसपर पुलिस ने जान पर बनी देख बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी देते हुए हवाई फायर किया। एक बदमाश तो अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की तरफ से भाग गया। इसके बाद बदमाशों ने तीसरा फायर किया। गोली एएसआई अरुण कुमार की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी।
जवाब में पुलिस ने फायर किए। गोली दोनों बदमाशों की टांगों पर जाकर लगी और वे घायल होकर जमीन पर गिर गए। इसके बाद पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर दोनों बदमाशों को दबोच लिया। दोनों का ट्रॉमा सेंटर यमुनानगर में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों बदमाशों के पास से पिस्टल व कट्टा भी बरामद किया है। देसी कट्टा को खोलकर चेक करने पर एक खाली खोल मिला है।असलहों के बल पर की कई वारदात
पुलिस के अनुसार तीनों बदमाशों ने 24 अप्रैल को थाना साढौरा क्षेत्र में लूटपाट की थी। इसी तरह 22 फरवरी को थाना छप्पर क्षेत्र से एक दुकान से असलहों के बल पर दुकान के गुल्लक से नकदी लूट कर भाग गए थे। वहीं 18 फरवरी को थाना सदर जगाधरी के गांव महलांवाली से गैस एजेंसी से गन प्वाइंट पर पैसे लूट कर भाग गए थे। इसकी अतिरिक्त आरोपियों ने एक कार में सवार होकर थाना शहर जगाधरी से सब्जी वाले से पैसे लूटकर भाग गए थे।
लूट के आरोपियों को काबू कर लिया गया है। मुठभेड़ में दो आरोपियों को गोली लगी है, जिनका ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। तीसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोनों आरोपियों से पिस्टल, कट्टा और बाइक बरामद की गई है। लूटे गए मोबाइल फोन की बरामद करने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। -आशीष चौधरी, डीएसपी, यमुनानगर।