संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम आयुक्त के स्पष्ट आदेशों की अनदेखी कर प्रॉपर्टी की नई और पार्ट आईडी बनाए जाने के मामले में नगर निगम के एटीपी दर्शन लाल को शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई नगर निगम कमिश्नर महाबीर प्रसाद की सिफारिश पर की गई है। मामले को प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी पूर्व की अनियमितताओं से जोड़कर भी देखा जा रहा है, जिनकी जांच पहले से चल रही है।
नगर निगम आयुक्त इसी साल करीब एक माह की छुट्टी पर थे। नगर निगम पहले गलत प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित कई शिकायतें आ चुकी हैं। उनकी गैर हाजिरी में कोई ऐसा मामला न हो इसलिए आयुक्त ने स्पष्ट आदेश दिए थे कि जब तक वह अवकाश पर रहेंगे तब तक एक भी नई नई या पार्ट प्रॉपर्टी आईडी जारी न की जाए। आयुक्त की छुट्टी के दौरान एटीपी का अतिरिक्त चार्ज दर्शन लाल के पास था। आयुक्त के आदेशों की अवहेलना करते हुए एटीपी ने एक-दो नहीं बल्कि 25 से अधिक नई पार्ट प्राॅपर्टी आईडी बनाकर जारी कर दी। इसका खुलासा भी तब हुआ जब आयुक्त अपने अवकाश से वापस लौटे। इस दौरान उन्होंने एक माह के कार्यों की रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों से ली। जब उन्होंने नई व पार्ट आईडी बनाने की रिपोर्ट देखी तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया।
आयुक्त ने एटीपी के खिलाफ रिपोर्ट बनाते हुए शहरी स्थानीय निकाय विभाग को भेज दी। विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई करते हुए एटीपी दर्शन लाल को निलंबित कर दिया। हालांकि निलंबन से पहले दर्शन लाल को व्यक्तिगत सुनवाई का मौका दिया गया लेकिन उनकी दलील सही नहीं पाई गई। अधिकारियों का कहना है कि जब स्पष्ट निर्देश जारी थे तो उनका पालन किया जाना जरूरी था।