फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: बर्फीली हवा से छूटी कंपकपी, घरों में दुबके लोग बुधवार रहा सीजन का सबसे ठंडा दिन

Thu, 15 Jan 2026 02:54 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
जगाधरी। जिले में मकर संक्रांति पर धूप न निकलने और बादल छाए रहने के कारण तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। इससे बुधवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। इस दौरान दोपहर में अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का दोपहर में सबसे कम तापमान रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हड्डियां गला देने वाली ठंड के कारण लोगों की हालत बुरी रही।
विज्ञापन


ठंड से बचने के लिए अधिकांश समय लोग घरों में ही दुबके रहे। प्रचंड ठंड से बचने के लिए सुबह से ही लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। सुबह-सुबह लोगों को घरों के बाहर गलियों में आग जलाकर ठंड से बचने के प्रयास करते देखा गया। कड़ाके की ठंड के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और लोग अलाव का सहारा लेते दिखे। मौसम विभाग के वैज्ञानिक संदीप कुमार के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक शीत लहर का प्रकोप जारी रह सकता है। हाड़ गला देने वाली 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली बर्फीली हवा ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया।

ठंड ने अपना प्रकोप मंगलवार रात को ही दिखाना शुरू कर दिया था। रात 11 बजे जिला घने कोहरे की आगोश में समा गया। इस दौरान दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। इससे सड़कों पर वाहनों को कतारबद्ध तरीके से एक के पीछे एक रेंगते देखा गया। वहीं, ठंड का प्रचंड रूप सुबह भी देखने को मिला। सुबह आठ बजे जिले का अधिकतम तापपान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दस बजे तक पारा चढ़ा और अधिकतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस दौरान दोपहर को अधिकतम तापमान 13.3 दर्ज किया गया। रही सही, कसर 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलने वाली उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवा ने पूरी कर दी। हवा के कारण ठिठुरन इतनी अधिक रही कि लोगों के हाड़ कांप गए। घने कोहरे के कारण जिले की सड़कों पर दृश्यता शून्य के करीब रही। कोहरे की सफेद चादर ने रफ्तार पर पूरी तरह लगाम लगा दी। नेशनल हाईवे समेत जिले की मुख्य सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए।
विज्ञापन


मौसम विभाग के अनुसार इस पूरे सप्ताह सर्दी से राहत नहीं मिलेगी। रविवार तक अधिकतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक बना रहेगा। इस दौरान घना कोहरा व पाला पड़ेगा। तेज उत्तरी पश्चिमी हवा बहुत परेशान करेगी। अगले सप्ताह से सर्दी में कुछ राहत मिलने की संभावना है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें