जगाधरी। आईसीएसई जोनल क्रिकेट टूर्नामेंट की मेजबानी मेजबानी सेंट थॉमस स्कूल करेगा। टूर्नामेंट का आगाज 22 जुलाई को सुबह आठ बजे होगा और फाइनल मैच शाम को ही खेला जाएगा। प्रतियोगिता में आठ टीमें भाग ले रही हैं। विजेता टीम को स्टेट चैंपियनशिप में खेलने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के सभी मुकाबले शहर के चार अलग-अलग क्रिकेट मैदानों पर करवाए जाएंगे। आयोजन समिति ने मैचों के सफल संचालन के लिए मैदानों पर आवश्यक खेल सुविधाएं, अंपायर, स्कोरिंग व्यवस्था और खिलाड़ियों के लिए मूलभूत सुविधाओं की तैयारियां पूरी कर ली हैं। टूर्नामेंट लीग प्रणाली के आधार पर खेला जाएगा।
विज्ञापन
प्रत्येक टीम को लीग चरण में तीन मुकाबले खेलने होंगे। लीग चरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें आगे की दौड़ में बनी रहेंगी और अंततः शीर्ष प्रदर्शन करने वाली टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। सभी मुकाबले एक ही दिन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराए जाएंगे। इससे खिलाड़ियों और दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने का अवसर मिलेगा।
आयोजन समिति सदस्यों ने बताया कि जोनल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तर की प्रतियोगिता में अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा। आयोजन समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कोच पूनम भंडारी ने बताया कि सेंट थॉमस स्कूल के मैदान के अलावा शहर के डिफेंस कॅरिअर एकेडमी, सेक्टर-18 स्थित एंजल स्पोर्ट्स एकेडमी और कंडेला स्पोर्ट्स फार्म के मैदान में मैच करवाए जाएंगे। इन मैदानों पर तीन-तीन मैच होंगे और फाइनल सेंट थॉमस स्कूल के मैदान में खेला जाएगा।