संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के शहीद भगत सिंह चौक पर मंगलवार को एक कलाकार यमराज के वेश में टहलता नजर आया। वह चौक से गुजरने वाले वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने ,अपना तथा परिवार का खयाल रखने का आग्रह कर रहे थे। उन्होंने लोगों को चेतावनी भी दी कि यदि वह हेलमेट नहीं पहनेंगे तो असली यमराज से भेंट होनी तय है।
चौक से गुजर रहे कुछ लोगों ने हेलमेट तो साथ रखा हुआ था, लेकिन पहना नहीं था। जिस पर उन्हें हेलमेट पहनाया गया और दोपहिया वाहन चलाते समय इसका प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जिन चालकों के पास हेलमेट नहीं थे, उन्हें हेलमेट वितरित किए गए। यह कार्यक्रम एंटी करप्शन एंड क्राइम प्रीवेंशन संस्था की ओर से करवाया गया। जिसमें एसपी राजीव देसवाल मुख्य अतिथि थे।
एसपी ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनाया और इसकी आवश्यकता के बारे बताया। वहीं, संस्था के सदस्यों ने नियमों का पालन करने वाले लोगों को गुलाब के फूल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विश्वकर्मा धीमान समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष तिलक राज धीमान, सामाजिक कार्यकर्ता सुंदर प्रताप नारंग विशिष्ट अतिथि रहे। संस्था की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया ।
घर पर आपका इंतजार कर रहा है कोई
एसपी ने ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी। घर पर आप का कोई इंतजार कर रहा है। सुरक्षित परिवार में पहुंचे यही हमारी कामना है। इसलिए दोपहिया वाहन चलाते हुए हमेशा हेलमेट का प्रयोग करें। इस दौरान हेलमेट पहने बिना चलने वाले चालकों को हेलमेट बांटे गए।