यमुनानगर। दहेज उत्पीड़न के आरोप में फर्कपुर पुलिस ने पति और सास-ससुर पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई फर्कपुर निवासी सीमा की शिकायत पर की है।
पुलिस को दी शिकायत में सीमा ने बताया कि उसकी शादी कुछ साल पहले फर्कपुर निवासी अजीत सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही उसका पति, सास व ससुर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। शादी से उसके पास आठ साल का बेटा भी है। आरोप है कि उसका पति घर खर्च के लिए मायके से रुपये लाने का दबाव बनाता है और नहीं लाने पर मारपीट भी करता है। बीती 28 अगस्त को उसके पति ने उससे झगड़ा कर घर से पांच लाख रुपये लाने को कहा, लेकिन उसने मायके से रुपये लाने से मना कर दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया। साथ ही बिना रुपये वापस आने पर जान से मारने की धमकी दी। इसमें उसके ससुर व सास ने भी उसके पति का साथ दिया। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में महिला के पति अजीत सिंह, ससुर जोगिंद्र सिंह व सास जयवती पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर लिया है।