यमुनानगर। दीनबंधु सर छोटूराम थर्मल प्लांट के अंदर 6900 करोड़ की लागत से स्थापित होने वाली नई 800 मेगावाट की यूनिट का 16 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे। इसी को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री के सीपीएस राजेश खुल्लर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एडीसी आयुष सिन्हा व अन्य पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिए हैं।
आयुष सिन्हा ने बताया कि इस प्लांट का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेवाड़ी जिले में आयोजित एम्स के शिलान्यास समारोह के अवसर पर ऑनलाइन करेंगे। थर्मल के अंदर स्थापित होने वाला यह नया प्लांट पर्यावरण को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा। जो पूरी तरह से अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल एक्सपेंशन (प्रदूषण मुक्त) होगा। जिसमें आधुनिक तकनीक से लैस सुविधाएं होंगी। खास बात ये होगी प्लांट स्वदेशी होगा।
कम खपत से अधिक होगा बिजली का उत्पादन
उल्लेखनीय है यमुनानगर में थर्मल प्लांट के लिए कुल 1107 एकड़ जगह है। जिसके एक हिस्से में 300-300 की 600 मेगावाट की यूनिट स्थापित है। यह अप्रैल 2008 में स्थापित हुई थी। उस दौरान इस यूनिट पर लगभग 2400 करोड़ रुपये लागत आई थी। अब परिसर के अंदर नई यूनिट लगने के बाद यहां 1400 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा। खास बात यह रहेगी चिमनियां व कूलिंग टॉवर भी छोटे होंगे, 400 केवी लाइन अलग से बिछेगी। एडीसी सिन्हा ने बताया कि वहीं प्रधानमंत्री को उपमंडल स्तर पर लाइव भी सुनाया जाएगा। बकायदा इसके लिए बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी। इसको लेकर प्रशासन की तरफ से तैयारियां पूरी की जा रही है। इतना ही नहीं थर्मल पावर प्लांट के शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर पर करीब पांच हजार लोगों को बुलाया गया है। इस कार्यक्रम में बुढ़ापा पेंशन व दिव्यांग पेंशन के लाभार्थियों को भी मौके पर पेंशन बना कर सम्मानित किया जाएगा।