जगाधरी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा 26 और 27 दिसंबर को तीन सत्रों में ली जाएगी।
इसके तहत 26 दिसंबर को लेवल-3 और 27 दिसंबर को लेवल-2 व लेवल-1 की परीक्षा होगी। बोर्ड ने परीक्षा का समय भी निर्धारित कर दिया है। हालांकि अभी तक परीक्षार्थियों की संख्या और परीक्षा केंद्रों की जानकारी जारी नहीं की गई है। बोर्ड की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 26 दिसंबर को लेवल-3 की परीक्षा सायंकालीन सत्र में होगी।
विज्ञापन
यह परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक ली जाएगी। वहीं, 27 दिसंबर को सुबह के सत्र में लेवल-2 की परीक्षा होगी। इसका समय सुबह 10 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसी दिन सायंकालीन सत्र में लेवल-1 की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक होगी। बोर्ड की ओर से फिलहाल परीक्षा का कार्यक्रम और समय सार्वजनिक किया गया है।
परीक्षार्थियों की कुल संख्या सामने आने के बाद परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता बक्शी ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से परीक्षा संबंधी सार्वजनिक सूचना जारी की गई है। इसमें तीनों स्तरों की परीक्षा की तिथि और समय की जानकारी दी गई है। बोर्ड की ओर से आगामी अधिसूचना जारी होने के बाद उसी के अनुसार जिले में परीक्षा की तैयारियां की जाएंगी।