संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। इछारपुर क्षेत्र में खैर की लकड़ी चोरी कर रहे तस्करों ने वन विभाग की टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें एक वन रक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर खैर के पांच ताजे कटे पेड़ मिले, जिनके ठूंठ कब्जे में लिए गए। मामले में थाना छछरौली पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और खैर की लकड़ी चोरी सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
वन्यजीव विहार कलेसर के उप वन रेंज अधिकारी मोविन खान ने शिकायत में बताया कि तीन जनवरी की रात वन्यजीव विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली गांव इछारपुर के कुछ शातिर जंगल से खैर की लकड़ी चोरी करने की फिराक में हैं। इसके बाद टीम अलग-अलग स्थानों पर तैनात कर दिया गया। रात करीब साढ़े 10 बजे वन रक्षक रशीद ने जंगल के अंदर पेड़ काटने की आवाज सुनी।
टॉर्च की रोशनी में देखा गया कि आरोपी नासिम और मतलूब अवैध रूप से काटी गई खैर की लकड़ी कंधों पर उठाकर ले जा रहे हैं। पीछा करने पर आरोपी लकड़ी को अन्य अकबर के घर डालकर भागने लगे, तभी अकबर, नासिम, मतलूब व अन्य ने मिलकर कर्मचारी रशीद पर लाठी-डंडों से हमला करकरे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल रशीद को सिविल अस्पताल प्रतापनगर और बाद में वहां से यमुनानगर सिविल अस्पताल रेफर किया गया। वन्य जीव विभाग के निरीक्षक लीलूराम ने बताया आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवा दी गई है। जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।