संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। भीषण गर्मी के दौरान लोगों को स्वच्छ व ठंडा पानी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पंचायत समिति की ओर से एक साल पहले लगभग प्रत्येक गांव में वाटर कूलर लगवाए गए थे। अधिकतर वाटर कूलर का बिजली कनेक्शन न होने से यह वाटर कूलर पानी ठंडा ही नहीं कर पा रहे हैं। वहीं कुछ वाटर कूलरों की सफाई व रखरखाव न होने से यह खस्ताहाल हो चुके हैं।
रसूलपुर के सुरेंद्र, जगमोहन व रामशरण ने बताया कि उनके गांव के मुख्य स्थानों पर भी एक साल पहले लगे वाटर कूलरों का बिजली कनेक्शन न होने से यह वाटर कूलर काम शुरू नहीं कर पाए हैं। जिसकी वजह से ग्रामीणों को इन वाटर कूलरों का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि यही हाल देहात में लगे लगभग सभी वाटर कूलरों का है।
अगर किसी जगह बिजली का कनेक्शन हो गया है तो वहां सफाई व रखरखाव के अभाव में भी वाटर कूलर उपयोग नहीं हो पा रहे हैं। इस तरह इन वाटर कूलरों को लगाने पर खर्च की गई रकम बेकार सिद्ध हो रही है। मांग है कि गर्मी का सीजन शुरू होने से पहले इन वाटर कूलरों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध करवाने के अलावा वाटर कूलरों की सफाई व मरम्मत करवाई जानी चाहिए।