यमुनानगर। कन्हैया साहिब चौक के पास गलत दिशा में आकर कार चालक ने दूसरी कार में टक्कर मार दी। आरोप है कि इस दौरान आरोपी कार सवार युवक व युवती ने कार सवार छात्र से मारपीट की और उसके खिलाफ झूठा दुष्कर्म का केस दर्ज करने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी कार चालक व उसके साथ कार में सवार युवती पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर 18 निवासी अर्जुन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। वह रात को अपनी कार से कन्हैया साहिब चौक से अपने घर जा रहा था। गंगा पेट्रोल पंप के सामने पगलत दिशा से कार लेकर आ रहे चालक ने उसकी कार को टक्कर मार दी। उसकी गाड़ी आगे से क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद वह नीचे उतरा। आरोप है कि आरोपी चालक ने उसे फिर से टक्कर मारी। इससे वह घायल हो गया। आरोपी के साथ वाली सीट पर एक युवती भी थी। दोनों नशे में धुत थे। युवती व आरोपी चालक उसके साथ गाली गलौज करने लगे। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसका कॉलर पकड़ लिया और धमकाने लगे।
आरोपी युवती उसे दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग व पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी युवती व चालक ने उनके साथ अभद्रता की और गालियां दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाया। इसके बाद पुलिस ने मामले में आरोपी युवक व युवती के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।