बुड़िया गेट पुलिस चौकी में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को करीब दो घंटे तक हंगामा किया। उनका आरोप था कि कुछ शरारती तत्वों ने व्हाट्सएप ग्रुप में देवी-देवताओं के भजन की एडिटिंग कर आपत्तिजनक वीडियो वायरल कर दिया है। पुलिस इस मामले में न तो जांच कर रही है और न ही आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है।
शहर जगाधरी थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने मामले में आरोपियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया। पुलिस ने मामले में चार लोगों को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ता पंडित उदयवीर शास्त्री, आदित्य रोहिला, जयंत स्वामी, आदित्य, शुभम गुप्ता, जयप्रकाश, सोनू, सुमित खत्री, जोनी, रमन गौरी, चेतन काम्बोज, अमन व चिराग सिंघल ने बताया कि कुछ लोगों ने व्हाट्सएप पर बैड ब्वाय नाम से ग्रुप बनाया है। आरोप है कि इस ग्रुप में 29 मई को देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक वीडियो डाला गया था। जैसे ही इसकी जानकारी उन्हें लगी तो उन्होंने तुरंत आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक से इसकी शिकायत की। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई के लिए शिकायत बुड़िया गेट पुलिस चौकी भेज दी। आरोप है कि अभी तक इस शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस ने मंगलवार उन्हें जानकारी कि बुधवार को आरोपी युवकों को चौकी बुलाया जाएगा। इस पर वह भी चौकी पहुंचे। बुधवार को करीब तीन बजे हिंदू संगठनों से जुड़े लोग पुलिस चौकी पहुंच गए। आरोप है कि चौकी में उन्हें न तो जांच अधिकारी मिला और न ही चौकी इंचार्ज मिले। इस पर गुस्साए हिंदू संगठन के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख चौकी इंचार्ज पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह आरोपियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए। इसके बाद में थाना प्रभारी सुरेश कुमार चौकी पहुंचे और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। हिंदू संगठनों के लोगों के सामने ही आरोपियों पर केस दर्ज किया गया। इसके साथ ही आश्वासन दिया गया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता चौकी से गए।
बॉक्स
पुलिस अधीक्षक से बात करने पर दर्ज हुई एफआईआर
हिूंद संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब उन्होंने पुलिस कर्मियों से पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत के बारे में जानकारी मांगी तो चौकी में शिकायत भी नहीं मिली। उनका कहना था कि जब शिकायत की प्रति भी चौकी में उपलब्ध नहीं है तो फिर जांच कैसे होगी। इस पर गुस्साए हिंदू संगठन के लोग चौकी के अंदर ही नीचे बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। करीब दो घंटे बाद पुलिस अधीक्षक से संगठन के नेताओं की बात हुई और पुलिस अधीक्षक के कहने पर मामले में एफआईआर दर्ज की गई।
वर्जन
मामले में चार लोगों को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमों को गठन कर दिया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
- सुरेश शर्मा, शहर जगाधरी थाना प्रभारी।