संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले में अलसुबह बारिश के बाद मौसम खुशनुमा हो गया। सोमवार सुबह आसमान पर बादल छाए रहे। इस दौरान चली हवा ने ठंडक का अहसास करवाया। मौसम सुहावना होने से लोगों को कई दिन से पड़ रही उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिली।
हालांकि शाम तक सूरज व बादलों की आंख मिचौली चलती रही। कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे। धूप कम होने से अन्य दिनों की अपेक्षा गर्मी भी कम रही। वहीं, शाम को मौसम बेहद सुहावना हो गया। जिसका लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। इससे शहर की सड़कों व बाजारों में लोगों की भीड़ देखने को मिली।
एक तरफ बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी। वहीं, दूसरी तरफ कई क्षेत्राें में इससे परेशानी का भी सामना करना पड़ा। इस दौरान जिले में औसतन 10 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण शहर की कई कॉलोनियों में पानी भरा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी शहर की निचली कॉलोनियों में हुआ। हालांकि बारिश ज्यादा न होने से कुछ देर में पानी उतर गया, लेकिन इससे कच्ची गलियों में कीचड़ व अन्य जगह गंदगी हो गई।
मौसम विभाग ने जिले में तीन दिन तेज बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान आंधी चलने का भी पूर्वानुमान है। जिला कृषि उपनिदेशक डॉ. आदित्य डबास ने बताया कि मौसम परिवर्तनशील है। तीन दिन बारिश की संभावना है। इसे लेकर किसानों को एडवाइजरी जारी की गई है। किसानों को खेतों में पानी निकासी के प्रबंध सहित अन्य व्यवस्था करने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि इस बारिश से फसलों को नुकसान नहीं होगा, लेकिन ज्यादा देर खेतों में पानी जमा होने से दिक्कत आएगी।