यमुनानगर। सदर थाना क्षेत्र के करेड़ा खुर्द गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की ओर से दोनाली बंदूक से हर्ष फायरिंग की गई। हर्ष फायरिंग करने की वीडियो वायरल हो गई। वीडियो जब पुलिस के पास पहुंची तो पुलिस हरकत में आई। सदर थाना पुलिस ने धार्मिक कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग कर लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोप में गोगा मंदिर शिवपुरी बी के संचालक बाबा राकेश नाथ व बंदूक मालिक अंबाला के कोड़वा गांव निवासी रोहित पर केस दर्ज कर लिया है।
सदर थाना के सिपाही कर्ण सिंह ने बताया कि उसकी थाने में जनरल ड्यूटी है। मंगलवार शाम को वह सिपाही अनिल कुमार के साथ पांसरा फाटक के नजदीक गश्त कर रहा था। तभी उसके व्हाट्सएप पर एक वीडियो आई। जिसमें एक धार्मिक कार्यक्रम में एक बाबा दोनाली बंदूक से हर्ष फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। तभी उसे सूचना मिली कि यह वीडियो 22 सितंबर की रात की करेड़ा खुर्द गांव की है। जांच करने पर उसे पता चला कि 22 सितंबर की रात को करेड़ा खुर्द गांव के रविदास मंदिर में धार्मिक जागरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जागरण में शिवपुरी बी कॉलोनी स्थित गोगा मंदिर के संचालक बाबा राकेश नाथ मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान बाबा राकेश नाथ ने दोनाली बंदूक से हवाई फायर किए थे। जिस बंदूक से बाबा राकेश नाथ ने हर्ष फायरिंग की थी, वह बंदूक अंबाला के कोड़वा गांव निवासी रोहित की थी। बाबा द्वारा की गई हर्ष फायरिंग की किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाली थी। आरोप है कि बाबा राकेश नाथ व रोहित ने धार्मिक समारोह में हर्ष फायरिंग कर आमजन की जान को जोखिम में डाला है। ऐसे करने से किसी की जान भी जा सकती थी।
सदर थाना प्रभारी केवल सिंह का कहना है कि करेड़ा खुर्द में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग करने के आरोप आरोपी बाबा राकेश नाथ व बंदूक मालिक रोहित पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।