संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा रोडवेज की यमुनानगर डिपो की बस से प्रयागराज जा रहे यात्रियों में काफी संख्या हैप्पी कार्ड व सीनियर सिटीजन कार्ड वालों की है, ऐसा एक हफ्ते की बस सेवा में सामने आया है। हालांकि इन कार्ड पर यात्रा से रोडवेज को रूट से कम राजस्व मिल रहा है, पर हैप्पी कार्ड व सीनियर सिटीजन कार्ड धारकों को प्रयागराज के महाकुंभ आने-जाने के लिए निर्धारित किराये में से काफी रियायत मिल रही है।
प्रयागराज में महाकुंभ 26 फरवरी तक रहेगा। जिले से बड़ी संख्या में लोग महाकुंभ में त्रिवेणी में डुबकी लगाकर लौट आए हैं। वहीं कई लोग महाकुंभ में जाना चाहते हैं। इनकी सुविधा के लिए यमुनानगर डिपो की प्रयागराज के लिए गत पांच फरवरी से रोडवेज बस चल रही है। एक सप्ताह से रूट की बस में जाने वाले यात्रियों की संख्या कम नहीं हैं। हर दिन दोपहर 12 बजे बस लगभग सभी सीटें भरकर चल रही हैं।
इसमें सामने आया है कि बस के यात्रियों में ज्यादा संख्या हैप्पी कार्ड व सीनियर सिटीजन कार्ड धारक हैं। इनमें हैप्पी कार्ड से जहां प्रयागराज जाने का एक तरफ का किराया बच रहा है, वहीं सीनियर सिटीजन कार्ड से भी आना-जाना आधे किराये में पड़ रहा है। इस तरह किराये में रियासत देख दोनों कार्ड धारक प्रयागराज जाने का अवसर नहीं चूक रहे हैं और काफी संख्या में बस में एडवांस सीट बुकिंग के अलावा मौके पर ही टिकट लेकर यात्रा पर निकल रहे हैं।
यमुनानगर से प्रयागराज के लिए बस का एक तरफ का किराया 1189 रुपये निर्धारित है। यमुनानगर से प्रयागराज की बस का रूट करीब 970 किलोमीटर से अधिक हैं। हैप्पी कार्ड पर एक साल में एक हजार किलोमीटर तक हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त सफर किया जा सकता है। ऐसे में हैप्पी कार्ड धारक का प्रयागराज की बस में एक तरफ का किराया बच रहा है। सीनियर सिटीजन कार्ड पर आधा किराया लगता है।