यमुनानगर। शहर के वार्ड नंबर-आठ में मॉडल टाउन स्थित दशहरा ग्राउंड का जल्द कायाकल्प होने जा रहा है। इसके लिए नगर निगम अफसरों की ओर से योजना तैयार कर ली गई है। इसके तहत दशहरा ग्राउंड में लाइट लगाने सहित मरम्मत और सुंदरीकरण के कार्य होंगे। इन पर अनुमानित 46.61 रुपये खर्च होगा। इस राशि पर नगर निगम की ओर से ई-निविदाएं लगा दी गई हैं। इसमें ठेकेदारों व एजेंसियों से काम कराने के लिए बिड मांगी गई है। दशहरा ग्राउंड में विजयदशमी पर्व पर मेला लगता है। साथ ही पूरे साल आसपास के लोग यहां सुबह-शाम सैर के लिए आते हैं।
ग्राउंड के चारों ओर फुटपाथ पर लोग सैर करते हैं, वहीं बीच में बच्चे, किशोर व युवा वर्ग क्रिकेट, फुटबॉल व अन्य खेल खेलने आते हैं। मौजूदा समय में ग्राउंड के हालात बिगड़े हुए हैं। एक ओर यहां हर तरफ घास व झाड़ लग गए हैं, वहीं कई जगह फुटपाथ भी क्षतिग्रस्त है।
इसके अलावा पर्याप्त स्ट्रीट लाइट व्यवस्था न होने से शाम बाद ग्राउंड में अंधेरा हो जाता है। बैठने के लिए बेंच भी पर्याप्त नहीं है और पेयजल सुविधा भी नहीं है। इन कमियों के चलते ग्राउंड में आने वाले बच्चों से लेकर बड़ों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए नगर निगम अफसरों की ओर से लाइट लगाने सहित ग्राउंड के नवीनीकरण की योजना बनाई गई।
इस पर 46.61 रुपये खर्च आने का अनुमान है। इसमें 15 लाख 69 हजार रुपये के अनुमानित खर्च से पांच मीटर डेकोरेटिव पोल पर 72 वाट की ड्रॉप डाउन एलईडी लाइट लगेंगी। साथ ही 30.93 लाख रुपये से अन्य मरम्मत व सुंदरीकरण के काम होंगे। यह काम ठेके पर कराने के लिए नगर निगम की ओर से ई निविदा लगा दी गई है। पहली बार में ई निविदा प्रक्रिया पूरी होती है तो तीन से चार माह में दशहरा ग्राउंड का रंग रूप बदला नजर आएगा।
वर्जन
शहर के जरूरी काम प्राथमिकता पर लिए जा रहे हैं, जिनके लिए ई-निविदाएं लगाई जा रही हैं। पूरा प्रयास किया जा रहा है कि सभी जरूरी काम समय पर शुरू व पूरे हों।
- आयुष सिन्हा, आयुक्त, नगर निगम।