जगाधरी। सीबीएसई की ओर से शिक्षकों के लिए एकलव्य प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिसमें सीबीएसई के शिक्षकों को आधुनिक व कौशल युक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके लिए सीबीएसई की ओर से सभी स्कूलों का पत्र जारी कर शिक्षकों को प्रशिक्षण दिलाने के आदेश दिए गए हैं। वहीं जिले के आदर्श संस्कृति विद्यालय के शिक्षक इस प्रशिक्षण में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सीबीएसई के कार्यक्रम के तहत शिक्षकों का 50 घंटे का ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए प्रति शिक्षक 272 रुपये शुल्क लिया जा रहा है। ऐसे में आदर्श संस्कृति विद्यालय के शिक्षक इससे दूरी बना रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि यदि प्रशिक्षण इतनी आवश्यक है तो हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से इसके लिए फंड जारी किया जाए। बता दें कि जिले में सीबीएसई से संबंधित सभी पब्लिक स्कूल हैं। जबकि आदर्श संस्कृति विद्यालय सरकारी संस्थान हैं, लेकिन इसमें सीबीएसई पैट्रर्न की पढ़ाई करवाई जाती है। ऐसे में यह पत्र आदर्श संस्कृति विद्यालयों को भी जारी किया गया है पर अभी तक किसी भी आदर्श संस्कृति विद्यालय के शिक्षकों ने इस प्रशिक्षण के लिए आवेदन नहीं किया गया है। यह ट्रेनिंग ऑनलाइन दी जाती है, जिसके लिए 272 रुपये शुल्क लिया जाएगा।
यह है एकलव्य प्रशिक्षण
एकलव्य प्रशिक्षण सीबीएसई का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य स्कूलों में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करवाना है। इसके साथ सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों को वैज्ञानिक शिक्षा, लीक से हटकर चिंतन, उनकी रचनात्मकता, वैचारिक समझ और सीखने की समझ का पोषण करना है। पढ़ाई के दौरान विद्यार्थियों को विचारोत्तेजक प्रश्नों, मॉडल, प्रोजेक्ट, विज्ञान व गणित के विषयों में विद्यार्थियों की रूचि उत्पन्न करने के कार्यक्रम शामिल करने का प्रशिक्षण देना है।
-
विभाग को नहीं भेजा गया पत्र
उपजिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार धीमान ने बताया कि यह सीबीएसई का प्रशिक्षण कार्यक्रम है। इसके लिए स्कूलों को पत्र जारी किया गया है। जबकि विभाग के पास इससे संबंधित कोई जानकारी नहीं है। आदर्श संस्कृति विद्यालय के शिक्षक ट्रेनिंग ले रहे हैं, या नहीं यह उनका अपना मामला है। यदि सीबीएसई इस बारे विभाग को पत्र जारी करता है तो निदेशालय की ओर से निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल इसके लिए कोई फंड जारी नहीं किया गया है।