संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला के गुर्जर समाज की तरफ से रविवार को गुर्जर कन्या गुरुकुल संस्थान देवधर में सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें रस्म पगड़ी का समय सुबह 10 बजे करने तथा शादी के निमंत्रण पत्र व्हाट्सएप (सोशल मीडिया) पर भेजे जाने का निर्णय लिया गया।
सम्मेलन देवधर में संस्थान के प्रधान रामपाल नंबरदार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता पद्मश्री ओमप्रकाश गांधी ने कहा कि समय के बदलते दौर में समय और खर्च का ध्यान रखते हुए सामाजिक सुधार के लिए उक्त दो बिंदुओं पर विचार किया जाना अति आवश्यक है। सामाजिक सुधार तथा समाज को नई दिशा देने के लिए गुर्जर समाज के गणमान्य व अग्रणी व्यक्तियों को आगे आकर काम करने की जरूरत है।
समय के बदलते दौर में समाज सुधार के कार्य किए जाने की जरूरत है। ओमप्रकाश गांधी ने सम्मेलन में आए लोगों से अपील करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा के लिए आयोजित की जाने वाली रस्म पगड़ी (श्रद्धांजलि सभा) का समय दोपहर दो बजे से बदल कर सुबह 10 बजे किया जाना उचित रहेगा। इसी प्रकार शादी के लिए दिए जाने वाले निमंत्रण कार्ड पर समय की बचत व खर्च को ध्यान रखते हुए सोशल मीडिया से रिश्तेदारों मित्रों को आमंत्रित किया जाना चाहिए।
सम्मेलन में उनके सुझावों को संस्थान के अध्यक्ष रामपाल नंबरदार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कुमार जयरामपुर, कांग्रेस के जिला प्रधान ग्रामीण नरपाल गुर्जर, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व चेयरमैन भोपाल खदरी, सेवानिवृत्ति प्रिंसिपल साहब सिंह कालस, पूर्व अधिकारी प्रेमपाल, पूर्व चेयरमैन चंद्रपाल माडो, ईशम सिंह चौहान आदि वक्ताओं ने पूर्ण सहमति व्यक्त करते हुए सम्मेलन में उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर अपना समर्थन व्यक्त किया।