डीडीपीओ को ज्ञापन सौंपते संघ के पदाधिकारी। संवाद
यमुनानगर। राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ के आह्वान पर अतिथि अध्यापकों ने शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। अध्यापकों ने अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त के माध्यम से सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान करने और नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
जिला प्रधान जय प्रकाश मित्तल ने कहा कि प्रदेश के अतिथि अध्यापक करीब 20 वर्षों से शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित नहीं किया गया है। सरकार की ओर से समय-समय पर दिए गए आश्वासनों के बाद भी उनकी कई महत्वपूर्ण मांगें लंबित हैं। प्रमुख मांग 28 मई 2014 तक तीन वर्ष की सेवा पूरी कर चुके अतिथि अध्यापकों को न्यायालय के फैसले के अनुसार नियमित करने की है। साथ ही छह प्रतिशत ब्याज सहित एरियर का भुगतान करने की मांग भी रखी गई है।
प्रदर्शन को हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के राज्य उपप्रधान राकेश धनखड़, जिला प्रधान संजय कांबोज, सर्व कर्मचारी संघ से महिपाल सौदे, सतीश जांगड़ा और जोत सिंह ने भी संबोधित किया। राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ के वरिष्ठ साथी राजबीर लल्हाड़ी, मंजीत कौर और सुरेंद्र दहिया ने कहा कि अतिथि अध्यापक सरकार की नीति की सभी शर्तें पूरी करते हैं और नियमित होने के हकदार हैं। इस मौके पर पूनम गुलाटी, सुरेंद्र कुमारी, रिम्पल, शिव चनेटी, नवीन, रविंदर तेजली, दिनेश, मनीष, विकास पंवार, प्रीतम बालियान और अश्विनी समेत अन्य अध्यापक मौजूद रहे।