संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर पुलिस ने अदालत के आदेश पर अतिथि अध्यापक बूड़िया निवासी रमन कुमार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपी पर सरकारी स्कूल के फंड से फर्जी हस्ताक्षर कर 14438 रुपये निकालकर गबन करने का आरोप है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामपुर निवासी अनुज कुमार ने बताया कि बूड़िया निवासी रमन कुमार करीब 15 साल से पंचकूला के खेत पुराली गांव स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल में अतिथि शिक्षक है। आरोप है कि आरोपी 10 मार्च 2021 से स्कूल के सरकारी फंड का दुरुपयोग कर रहा है। आरोप है कि आरोपी ने धोखे परवीन कुमार नाम के व्यक्ति के साथ मिलीभगत करके मधु चौक स्थित निजी बैंक से चेक के माध्यम से 14438 रुपये की राशि निकाली।
आरोपी ने फर्जी हस्ताक्षर, स्कूल की स्टांप व अन्य दस्तावेजों का दुरुपयोग करके धोखाधड़ी की है। जब उसे इस धोखाधड़ी का पता चला तो उसने स्कूल सोसायटी से संपर्क किया। सोसायटी ने आरोपी से बातचीत की और स्कूल की गबन की गई राशि को जमा कराने को कहा। आरोपी ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उसने अदालत में याचिका दायर की। अदालत के आदेश पर शहर थाना पुलिस ने आरोपी रमन पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। शहर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।