यमुनानगर। यमुनानगर जिला एक बार फिर एक बार फिर कोरोना की चपेट में आने लगा है। दिन ब दिन कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। जिले में ओमिक्रॉन से संक्रमित भी मिल रहे हैं। अभी तक सात लोग ओमिक्रॉन वैरिएंट की चपेट में आ चुके हैं। कोरोना संक्रमितों की संख्या 83 हो चुकी है। इसके बावजूद यहां कई लोग कोरोना से बचाव के लिए किए जा रहे टीकाकरण को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। जिले में नौ लाख लोग अभी पूर्ण टीकाकरण से दूर हैं तो 66039 लोगों को अभी तक कोरोना से बचाव का पहला टीका तक नहीं लग पाया है। दूसरी ओर 15 से 18 वर्ष के किशोर टीकाकरण में वयस्कों से ज्यादा उत्साहित दिख रहे हैं।
इस परिदृश्य के बीच बड़ों की अपेक्षा किशोर टीकाकरण कराने के प्रति अपनी जिम्मेदारी को बखूबी से समझ रहे हैं। जिले में किशोरों का टीकाकरण शुरू हुए अभी सिर्फ तीन दिन हुए हैं। इन तीन दिनों में एक चौथाई से ज्यादा किशोर कोरोना से बचाव का टीकाकरण लगा चुके हैं। जबकि बड़ों को कोरोना से बचाव का टीका लगाने का कार्य पिछले साल जनवरी में शुरू हुआ था। टीकाकरण शुरू हुए अब एक साल पूरा हो चुका है। लेकिन जिले में अभी 66039 लोगों को कोरोना से बचाव का पहला टीका नहीं लग पाया है। करीब नौ लाख से अधिक पूर्ण टीकाकरण से दूर हैं। जबकि टीकाकरण के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। कोरोना से बचाव का टीका लगाने में बरती जा रही यह हीलाहवाली लोगों पर भारी पड़ सकती है।