यमुनानगर। पुरानी सब्जी मंडी के पास हरिप्रसाद कॉलोनी में बने नगर निगम स्टोर से हजारों रुपये का सामान चोरी हो गया। शहर थाना यमुनानगर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में नगर निगम के सीएसआई विनोद बेनीवाल ने बताया कि 26 अक्तूबर की रात नगर निगम के स्टोर में रखा सामान कोई चोरी कर ले गया। अगले दिन जांच में पाया कि रिक्शा रेहड़ी, बेलचा, कस्सी, तसला, घास काटने वाली तलवार, पुराने टायर, मरम्मत के दौरान वाहनों से निकला सामान चोरी हुआ है। जांच अधिकारी लाभ सिंह का कहना है कि मामला दर्ज कर चोरों का सुराग लगाया जा रहा है। संवाद
कार की बैटरी व स्टपनी ले गए चोर
यमुनानगर। मॉडल टाउन में मकान नंबर-310 एल के बाहर खड़ी कार से बैटरी व स्टपनी चोरी कर ली गई। शहर थाना यमुनानगर पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। शिकायत में अर्जुन ने बताया कि 30 अक्तूबर की रात घर के बाहर उनकी कार खड़ी थी। अगली सुबह बैटरी व स्टपनी चोरी मिली। जांच अधिकारी लाभ सिंह ने बताया कि शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरों का पता लगाया जा रहा है। संवाद
जुब्बल गांव में ट्रांसफार्मर का सामान चुराया
यमुनानगर। थाना रादौर क्षेत्र के गांव जुब्बल में ट्रांसफार्मर से कंडक्टर चोरी कर लिया गया। पुलिस ने बिजली निगम के एसडीओ की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। शिकायत में जठलाना क्षेत्र के एसडीओ नरेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली निगम का गांव जुब्बल में 100 केवीए ट्रांसफार्मर लगा है, जिससे 13 अक्तूबर की रात कंडक्टर चोरी होने की सूचना मिली। मौके पर जाकर टीम ने जांच की तो कंडक्टर चोरी था, जिसकी कीमत करीब 87 हजार रुपये है। जांच अधिकारी संदीप का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है। संवाद