संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से शुक्रवार को शहरी क्षेत्र में खंड स्तरीय पोषण माह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मंडल अध्यक्ष संध्या रावत, वार्ड नंबर 21 की पार्षद मनजीत कौर मुख्य अतिथि और विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी मीक्षा रंगा ने विशेष अतिथि रहीं। कार्यक्रम के दौरान पौष्टिक रंगोली, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन, मेहंदी, सेल्फी प्वाइंट, पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी तरविंदर कौर ने पोषण माह के दौरान की गई गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि जागरूकता अभियान के तहत सभी को पोषण के प्रति जागरूक किया गया है। इसमें विशेष तौर पर महिलाओं की भागीदारी अहम है जब एक महिला पोषण के प्रति जागरूक होती है तो पूरा परिवार स्वस्थ होता है। पोषण स्वस्थ जीवन का आधार होता है। सभी को इस अभियान के साथ जुड़ना चाहिए।
मीक्षा रंगा ने कहा कि सितंबर को पोषण माह के रूप में सफल मनाने के लिए कम चीनी नमक और वसा वाले भोजन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने यह संदेश दिया कि जंक फूड को छोड़कर फल सब्जियां और ड्राई फ्रूट को अपनी डाइट में शामिल करना जरूरी है ताकि मेरी थाली सेहत वाली बन सके। मौके पर सुपरवाइजर पायल, सुमन, कविता, उषा, पूजा, शिवानी को-ऑर्डिनेटर वंदना व आंगनबाड़ी वर्कर मौजूद रहीं।