संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विदेश में बैठे सूर्य प्रताप सिंह उर्फ नोनी राणा ने छछरौली के प्रॉपर्टी एवं ज्वेलरी के व्यापारी तरुण से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। नोनी राणा ने विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर पैसे न देने पर तरुण व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। छछरौली थाना पुलिस ने व्यापारी तरण की शिकायत केस दर्ज कर सुरक्षा मुहैया कराई है। लॉरेंस ग्रुप के गैंगस्टर काला राणा का भाई नोनी पहले भी कई लोगों को धमकी भरे कॉल कर चुका है।
शिकायत में छछरौली पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के पास रहने वाले तरुण कुमार ने बताया कि उनका प्रॉपर्टी व ज्वेलरी का काम है। 25 जून को सुबह 11.14 बजे पर उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले शख्स ने कहा कि मैं नोनी राणा बोल रहा हूं। मुझे पता है कि आपका छछरौली में आईलेट्स सेंटर व प्रॉपर्टी का काम है।
आपके पास काफी पैसे हैं, इसलिए 50 लाख रुपये 27 जून तक दे दो, नहीं तो जान से मार देंगे। मैं दोबारा 27 जून को फोन करुगा। तरुण ने बताया कि यह सुनकर उन्होंने कहा कि सोमवार तक का समय दो। इसके बाद सोमवार को दोपहर 2.28 बजे मोबाइल पर उसी विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल पर दूसरी ओर से शख्स ने कहा कि पैसों का इंतजाम करो नहीं तो तुझे व तेरे परिवार को जान से मार देंगे।
फोन पर कॉन्फ्रेंस पर और व्यक्ति जुड़े थे। इस प्रकरण के बाद पता चला कि कॉल करने वाला नोनी राणा लक्ष्मी गार्डन यमुनानगर का सूर्य प्रताप सिंह है। तब पुलिस को व्हाट्सएप कॉल की वीडियो रिकॉर्डिंग सहित शिकायत देकर आरोपी पर कार्रवाई व परिवार को सुरक्षा देने की मांग की।
पहले भी की कारोबारियों को धमकी भरी कॉल
पहले भी नोनी राणा व्हाट्सएप पर कई कारोबारियों को धमकी भरे कॉल कर रंगदारी मांग चुका है। हर मामले में पुलिस की कार्रवाई महज केस दर्ज करने तक सीमित है। थाना छप्पर क्षेत्र के कारोबारी प्रभदीप सिंह से नौ जनवरी को नोनी राणा ने विदेशी नंबर से कॉल कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। इसके बाद कालिंदी कॉलोनी में छह फरवरी को सनमाइका कारोबारी हिमांशु विज के घर हुई फायरिंग से पहले भी नोनी राणा ने विदेशी नंबर से फोन कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। इसी तरह गांव गोलनी निवासी शराब ठेकेदार रिंकू राणा से भी छह अप्रैल को नोनी राणा ने विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। सभी मामलों में नोनी राणा ने कारोबारियों व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
वर्जन-
शिकायत पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। - जगदीश बिश्नोई, थाना प्रभारी छछरौली।