संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में चौराहों पर पुलिस नाके होने के बाद भी शुक्रवार को बाइक सवार झपटमार दो लोगों से मोबाइल फोन झपटकर भाग निकले। दोपहर करीब दो बजे थाना फर्कपुर के अंतर्गत प्रह्लादपुरी में हरबंसपुरा निवासी कृति सिंह और शाम करीब पांच बजे व्यासपुर थाना के अंतर्गत बस स्टैंड पर भील छप्पर निवासी पिंकी के साथ वारदात हुई।
हरबंसपुरा निवासी कृति सिंह ने बताया कि वह किंडर गार्डन स्कूल में शिक्षिका है। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे जब वह स्कूल से घर लौट रही थीं, तब प्रह्लादपुरी में अमन पैलेस के पास बाइक सवार युवक उसके हाथ से मोबाइल छीन ले गया। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे द्वारा रिकॉर्ड फुटेज में कैद हो गई। शिकायत थाना फर्कपुर पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी भूपेंद्र सिंह का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
भील छप्पर निवासी गृहिणी पिंकी ने बताया कि वह शुक्रवार शाम बस स्टैंड पर थी तो शाम करीब पांच बजे बाइक सवार दो युवक आए और उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया। शोर मचाया तो आसपास लोग इकट्ठे हुए। मोबाइल लेकर जा रहे बाइक सवार युवकों का पीछा किया, पर वह फरार हो गए। इसकी शिकायत व्यासपुर पुलिस को दी। जांच अधिकारी नरेश पाल ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।