यमुनानगर। थाना शहर जगाधरी क्षेत्र की एक कॉलोनी में युवती से पांच युवकों ने छेड़खानी की।युवती के पिता व चाचा ने विरोध किया तो युवक व उसके चार साथियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में युवती के पिता व चाचा घायल हो गए। आरोपियों ने उनकी एक्टिवा व बाइक भी तोड़ दी। इसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एक युवक को नामजद कर उसके नौ अन्य साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पुलिस को दी तहरीर में काॅलोनी निवासी 18 वर्षीय युवती ने बताया कि 23 नवंबर की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह छोले-भटूरे की दुकान पर गई थी, जहां टेबिल पर चार-पांच युवक छोले-भठूरे खा रहे थे। आरोप है कि इन युवकों में जसपाल सिंह उर्फ भट्टी नाम का युवक ने युवती से छेड़खानी की। पहले युवती के बारे में अभद्र टिप्पणी की फिर उस पर मोबाइल नंबर देने का दबाव बनाया। किसी तरह इन लोगों के बीच से निकलकर घर आकर पूरी बात पिता को बताई। तभी छेड़खानी करने वाले युवक भी बाइक पर पीछा करते हुए युवती के घर के बाहर आ पहुंचे। इन लोगों का पिता व चाचा ने विरोध किया तो युवक गाली-गलौज करने लगे। साथ ही उन्होंने धारदार हथियार से पिता व चाचा पर हमला कर दिया। आसपास के लोग इकट्ठे होने लगे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। उनके हमले में पिता को गंभीर चोटें आईं। साथ ही उनकी दुकान के बाहर खड़ी एक्टिवा व बाइक भी हमलावरों ने तोड़ दी। इसकी सूचना पुलिस को दी। जांच अधिकारी ने कहा कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।