संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। बारिश में जलभराव व गंदगी फैलने से संक्रमण रोगों का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, अन्य जहरीले जीवों के पनपने का भी भय बना रहता है। इस बार हुई भारी बारिश के कारण कई राजकीय और निजी विद्यालयों के परिसर व कक्षों में जलभराव हुआ। ऐसे में शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी विद्यालयों में सफाई करवाने के आदेश दिए हैं।
विभाग ने इसके लिए पत्र जारी किया है। जिसमें सभी राजकीय व निजी विद्यालयों की सफाई करवाने के प्राचार्यों को आदेश दिए हैं। इसकी खंड शिक्षा अधिकारी निगरानी करेंगे। इस बार भारी बारिश के कारण विद्यालयों में जलभराव हुआ है। जिस कारण विद्यालयों में गंदगी भी फैल गई थी। अब मौसम खुलने लगा है, जिसके बाद विद्यालयों में कई तरह की परेशानियां आने लगी हैं। इस स्थिति में संक्रामक रोग फैलने की संभावना बढ़ गई है।
पिछले सप्ताह हुई बारिश और बाढ़ के कारण जिले के 250 से ज्यादा विद्यालयों में जलभराव हुआ था। इससे कई स्कूलों के मैदान में मिट्टी जमी हुई है। वहीं छतों पर भी पानी जमा है और सीलन के कारण बदबू फैल रही है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से पत्र जारी किया गया है।
इसकी निगरानी के लिए टीम भी गठित की जा रही है। यह जिलास्तरीय टीम इसकी जांच करेगी। अनियमिता मिलने पर नोटिस भी जारी किया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों को इसे बारे जागरूक करने के आदेश भी दिए हैं। शहर में करीब 150 से ज्यादा स्कूलों में बारिश के दौरान भारी जलभराव हुआ था।
पत्र में आदेश दिए गए हैं कि स्कूलों में लगी पानी की टंकी की अंदर से सफाई की जाए। इसके अलावा वाटर कूलर, डिस्पेंसर इत्यादि की भी सफाई करवानी जरूरी है। शौचालय पर रखी टंकी, यूरिनल, शौचालय की सफाई अच्छे से करवाई जाए। इसके अलावा स्कूलों में पेयजल सप्लाई लाइन की भी जांच करवाएं।
जलभराव के दौरान किसी प्रकार की लीकेज के कारण गंदा पानी लाइन में न गया है। इससे विद्यार्थी बीमार हो सकते हैं।