संवाद न्यूज एजेंसी
सरस्वतीनगर। राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मांडखेड़ी में शुक्रवार को आयोजित हुई जिलास्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में जीबीएस पब्लिक स्कूल सरस्वतीनगर के 35 विद्यार्थियों ने पदक हासिल किए। इनमें से 22 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है।
चयनित खिलाड़ी अंबाला में होने वाली प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय के सरदार देवेंदर सिंह के अनुसार एथलेटिक्स की 400 मीटर दौड़ में माहिर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 100 मीटर दौड़ में वह दूसरे स्थान पर रहा। हनीशा ने 400 मीटर दौड़ में दूसरा और युवलीन ने 200 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, 4 गुणा 100 मीटर रिले रेस में माहिर और आरव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
लड़कों की रस्साकशी प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। टीम में गुरांश, खुशान, पुरव, कृषव, विराट, वीरेन, गुरसिमरन, प्रियांक, एकमजोत और माधव शामिल रहे। कबड्डी प्रतियोगिता में प्रियांक, एकमजोत और वीरेन ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। लड़कियों की रस्साकशी प्रतियोगिता में अन्वी गुप्ता, मावलीन और मृणाल ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ी विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे।